नीमच।
नीमच। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत टीचर कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हाईकोर्ट एडवोकेट सुरेंद्र पटवा के निवास पर पीछे के रास्ते से घुसे दो अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय एडवोकेट सुरेंद्र पटवा अपने घर स्थित कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी दौरान दो अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घर के भीतर प्रवेश कर गए। घर में आहट होने पर संदेह हुआ, जिसके बाद एडवोकेट पटवा ने सतर्कता दिखाते हुए दरवाजे बंद कर चोरों को घर के अंदर ही कैद करने की कोशिश की।
इसके बाद पड़ोसियों को सूचना देने के लिए जैसे ही वे बाहर निकले, चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए दरवाजे पर जोरदार लात मारकर उसे तोड़ दिया और फरार हो गए। इस दौरान एडवोकेट सुरेंद्र पटवा की चोरों से हाथापाई होते-होते बची, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
चोरों के भागते हुए दृश्य कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। फुटेज में दोनों आरोपी स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस एवं टीआई तत्काल मौके पर पहुंचे। आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक को भी घटना की तुरंत जानकारी दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी निलेश अवस्थी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से टीचर कॉलोनी में चोरी के प्रयास की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि एडवोकेट सुरेंद्र पटवा के निवास पर यह चौथी बार चोरी या चोरी के प्रयास की घटना बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने कॉलोनीवासियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

