नीमच, निप्र। माध्यमिक शिक्षा मंडल के अंतर्गत आयोजित कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाओं के परिणाम मार्च 2026 के अंतिम सप्ताह तक घोषित होने की संभावना है। वर्तमान में राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार परीक्षाएं समाप्त होते ही मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। जिले सहित प्रदेश के विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों पर शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। विभाग ने समय सीमा तय करते हुए निर्देश दिए हैं कि मूल्यांकन कार्य जल्द पूरा किया जाए, ताकि शैक्षणिक सत्र समाप्त होने से पहले परिणाम जारी किए जा सकें।
विभागीय योजना के अनुसार कक्षा 5वीं और 8वीं केसंभावना है कि नतीजे अप्रैल से पहले 25 से 30 मार्च के बीच नतीजे घोषित किए जा सकते हैं। समय पर रिजल्ट जारी करने का मुख्य उद्देश्य 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र को सुचारू रूप से शुरू करना है।
मूल्यांकन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। शिक्षकों द्वारा जांचे गए अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि सीधे पोर्टल पर की जा रही है, ताकि परिणाम प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और त्रुटियों की संभावना कम हो।
पिछले वर्ष 28 मार्च को आया था रिजल्ट
पिछले वर्ष 2025 में भी कक्षा 5वीं और 8वीं का परिणाम 28 मार्च को दोपहर 1 बजे घोषित किया गया था। उस समय नीमच जिले में कक्षा 5वीं का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 92.70% और कक्षा 8वीं का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.02% दर्ज किया गया था। इस बार भी छात्र और अभिभावक मार्च के अंतिम सप्ताह में नतीजों की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
