नीमच। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने के लिए शासन द्वारा संचालित ‘राहवीर योजना’ के तहत अब मददगारों को सम्मान और नगद पुरस्कार दिया जा रहा है। यातायात पुलिस जिला नीमच ने ऐसे 10 राहवीर व्यक्तियों के नाम चिन्हित कर उन्हें 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने हेतु कलेक्टर कार्यालय को प्रस्ताव भेजा है।पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी सोनू बडगूजर द्वारा यह कार्रवाई की गई। इन राहवीरों ने सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों को ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इन राहवीरों के नाम भेजे गए प्रस्ताव नीमच सिटी, जावद, बघाना और मनासा थाना क्षेत्रों के कुल 10 व्यक्तियों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाया। इनमें विरेन्द्र पाटीदार, सोनू ग्वाला, राहुल गंधर्व, विरेन्द्र राठौर, दिलीप प्रजापत, बसंत कुमार रैगर, शुभम उपाध्याय, भरत कनेरिया, विजय सुतार, विक्रम घावरी, रामनिवास धनगर और विश्वजीतसिंह हाड़ा शामिल हैं।क्या है राहवीर योजना राहवीर योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल को ‘गोल्डन ऑवर’ (दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा) के भीतर अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।यातायात पुलिस की अपील यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं सड़क दुर्घटना होती दिखे, तो घायलों की मदद के लिए आगे आएं और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। आपकी छोटी सी पहल किसी की जान बचा सकती है और एक परिवार को टूटने से बचा सकती है। शासन भी ऐसे नेक कार्य के लिए आपको सम्मानित करता है। इंसानियत दिखाइए, जिंदगी बचाइए और सरकार से सम्मान पाइए।
