नीमच | 10 जनवरी 2026 नीमच जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रामपुरा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नाले के किनारे, गेहूं और तुलसी की फसल की आड़ में छिपाकर की जा रही गांजा खेती का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने करीब 5 हजार गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं।यह कार्यवाही माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक नीमच श्री अंकित जायसवाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा श्रीमती निकिता सिंह के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी रामपुरा निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी।
मुखबिर की सूचना पर दबिश-दिनांक 10 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम करनीखेड़ा में नाले के किनारे स्थित खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खेत की तलाशी ली, जहां नाले की दिशा में छुपाकर उगाए गए करीब 5 हजार हरे गांजे के पौधे बरामद किए गए।
03 क्विंटल 20 किलो गांजा, कीमत करीब 9.50 लाख-जब्त किए गए गांजे का कुल वजन लगभग 03 क्विंटल 20 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। फिलहाल भूमि स्वामी अज्ञात होने के कारण अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।ग्रामीण इलाकों में नशे की खेती पर सख्ती-पुलिस का कहना है कि नाले, खेत और फसलों की आड़ लेकर नशे की खेती करने वालों पर अब लगातार नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
