
नीमच।राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा प्रदेश के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 2 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित शैक्षिक ओलम्पियाड के जिला स्तरीय परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस ओलम्पियाड का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, बौद्धिक विकास और शैक्षिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है।परिणामों के अनुसार प्रत्येक जिले से प्रत्येक विषय एवं प्रत्येक कक्षा से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को जिला विजेता घोषित किया गया है। जिला स्तर पर 1 से 20 फरवरी 2026 के बीच सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विजेता विद्यार्थियों के साथ उनके मार्गदर्शी शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक जिले में कुल 32 विद्यार्थियों को जिला स्तरीय शैक्षिक ओलम्पियाड विजेता के रूप में सम्मान मिलेगा।
16-17 जनवरी को हुई थी परीक्षा-शैक्षिक ओलम्पियाड के अंतर्गत जिला स्तरीय परीक्षाएं 16 एवं 17 जनवरी 2026 को प्रदेश के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर आयोजित की गई थीं। इन परीक्षाओं में प्रदेशभर से लगभग 2 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया।
नीमच जिले की रही शानदार सहभागिता-पंडित अंबिका प्रसाद जोशी ने बताया कि नीमच जिले में 16 जनवरी को 1050 विद्यार्थियों के लक्ष्य के विरुद्ध 1026 विद्यार्थी, जबकि 17 जनवरी को 1094 के लक्ष्य के विरुद्ध 1086 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल 2244 अपेक्षित विद्यार्थियों में से 2212 विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय ओलम्पियाड में सहभागिता दर्ज कराई।प्राथमिक वर्ग से 963 तथा माध्यमिक वर्ग से 1249 विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ नीमच जिले ने राज्य स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
जन शिक्षा केंद्र स्तर पर भी अव्वल-उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 18 नवंबर को आयोजित जन शिक्षा केन्द्र स्तरीय ओलम्पियाड में भी नीमच जिले ने प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया था।
प्रशासन और शिक्षकों के समन्वय का परिणाम-यह सफलता जिला कलेक्टर के निर्देशन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन तथा जिला परियोजना समन्वयक के सतत निरीक्षण का परिणाम है। साथ ही तीनों जनपद शिक्षा केन्द्रों, जन शिक्षकों एवं शिक्षकों द्वारा प्रत्येक पंजीकृत विद्यार्थी को परीक्षा की तैयारी कराते हुए परीक्षा केन्द्र तक सुनिश्चित उपस्थिति दिलाने में अहम भूमिका निभाई गई।यह प्रयास नीमच जिले को शैक्षणिक क्षेत्र में निरंतर अकादमिक श्रेष्ठता की ओर अग्रसर कर रहे हैं।
