नीमच। जिले में योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा बुधवार को मनासा क्षेत्र के ग्राम बरलई पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य, पोषण और जल संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को मनासा क्षेत्र के ग्राम बरलई का दौरा कर विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान स्वास्थ्य, पोषण और जल संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।बरलई के उप स्वास्थ्य केंद्र (आरोग्य मंदिर) में दवाइयों के स्टॉक का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड निर्माण और संपूर्ण टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों से केंद्र के नियमित संचालन, नि:शुल्क दवा वितरण और स्टाफ की उपस्थिति के संबंध में प्रतिक्रिया भी प्राप्त की। अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।आंगनवाड़ी केंद्र संचालित पाया गया, जहां 9 बच्चे उपस्थित थे। अन्य दर्ज बच्चों के स्कूल जाने की जानकारी दी गई। शाला पूर्व शिक्षा गतिविधियों का वर्कबुक में दर्ज न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी बच्चा स्कूल प्रवेश से वंचित न रहे। मध्यान्ह भोजन के नियमित वितरण और गुणवत्ता की जानकारी भी ली गई। कलेक्टर ने मनासा क्षेत्र के ग्राम आमद, बरलई और दाउखेड़ी में अमृत सरोवर निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।ग्राम आमद में निर्माणाधीन 17.36 लाख रुपये के अमृत सरोवर की पाल की लंबाई बढ़ाने, वेस्ट वियर निर्माण और मजबूत पीचिंग के निर्देश दिए गए। निर्माण स्थल के चयन में तकनीकी सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।दाउखेड़ी में निर्मित अमृत सरोवर में पर्याप्त जल संग्रह पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि सरोवर के कारण आसपास के कुओं का जलस्तर बढ़ा है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य की सराहना करते हुए पाल की दुरुस्ती और कटाव रोकने के निर्देश दिए।बरलई में 23 लाख रुपये की लागत से बन रहे अमृत सरोवर का अवलोकन कर पाल की मजबूती, गहरीकरण और जल भराव क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सरोवर के पास की पहाड़ियों पर कंटूर ट्रेंच निर्माण और पौधारोपण कराने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम किरण आंजना, जनपद सीईओ आरीफ खान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

