नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच में वर्ष 2026-27 का बजट अभी विशेष सम्मेलन में प्रस्तुत होना बाकी है, लेकिन उससे पहले ही पीआईसी (प्रेसिडेंट इन काउंसिल) की बैठक में 271 करोड़ से अधिक के व्यय वाला अनुमानित बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।25 फरवरी को आयोजित पीआईसी बैठक में 273 करोड़ 77 लाख 72 हजार 756 रुपये की आय तथा 271 करोड़ 88 लाख 65 हजार 301 रुपये के व्यय का प्रस्ताव रखा गया, जिसमें 1 करोड़ 89 लाख 7 हजार 455 रुपये की संभावित बचत दर्शाई गई है।
प्रक्रिया पर उठे सवाल-आम तौर पर बजट को अंतिम स्वीकृति के लिए नगर परिषद के विशेष सम्मेलन में प्रस्तुत किया जाता है, जहां सभी पार्षदों के बीच चर्चा के बाद इसे पारित किया जाता है। ऐसे में विशेष सम्मेलन से पहले पीआईसी में बजट का सर्वसम्मति से पारित होना चर्चा का विषय बन गया है।हालांकि नपा अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने इसे प्रारंभिक स्वीकृति बताते हुए कहा कि बजट शहर विकास को गति देने वाला है और विशेष सम्मेलन में भी इसे विधिवत प्रस्तुत किया जाएगा।
क्या है आगे की प्रक्रिया?-अब यह बजट नगर परिषद के विशेष सम्मेलन में रखा जाएगा, जहां पार्षदों की आपत्तियां, सुझाव और संशोधन के बाद अंतिम मुहर लगेगी।नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि पीआईसी में पारित होना बजट प्रक्रिया का हिस्सा है, जबकि अंतिम निर्णय विशेष सम्मेलन में ही होगा।इस पूरे घटनाक्रम पर अब शहर की निगाहें विशेष सम्मेलन पर टिकी हैं, जहां बजट की औपचारिक स्वीकृति दी जाएगी यह बजट शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे नीमच को विकास के नए पंख मिलेंगे।
🔹 बजट में शहर को मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं
1. नवीन नगर पालिका कार्यालय भवन
- शहरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया नपा भवन मिलेगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी।
- 2. मेडिकल कॉलेज के सामने यू-शेप मार्केट
- व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए यू-शेप मार्केट का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापारियों को नया मंच मिलेगा।
- 3. शहर में फूड जोन की स्थापना
- युवाओं और परिवारों के लिए आकर्षक फूड जोन विकसित किया जाएगा, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
- 4. ग्वालटोली के पास ‘नमो पार्क’
- शहर को एक सुंदर पिकनिक स्पॉट मिलेगा। नमो पार्क हरियाली, मॉर्निंग वॉक और परिवारिक मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा।
- 5. शहर के प्रवेश मार्गों पर भव्य स्वागत द्वार
- नीमच में प्रवेश करते ही शहर की पहचान दर्शाने वाले आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जाएंगे।
- 6. दो नई कॉलोनियों का विकास
- एक आवासीय और एक व्यवसायिक कॉलोनी विकसित की जाएगी। इससे नगर पालिका को स्थायी आय प्राप्त होगी, जो आगे शहर विकास में खर्च की जाएगा

विकास को मिलेगी रफ्तार
बजट में शामिल इन योजनाओं से बुनियादी ढांचे को मजबूती, व्यापार को प्रोत्साहन और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। पीआईसी सदस्यों ने सर्वसम्मति से बजट का समर्थन करते हुए इसे शहर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में राजस्व सभापति श्रीमती वंदना खंडेलवाल सहित अन्य पीआईसी सदस्य एवं नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।
