
वेनेजुएला की राजधानी कराकस में शनिवार तड़के करीब 2 बजे (स्थानीय समय) कम से कम सात जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं. इसके साथ ही शहर के ऊपर लो-फ्लाइंग एयरक्राफ्ट भी देखे गए और उनकी जोरदार आवाज सुनी गई. CBS न्यूज के मुताबिक हमला अमेरिका ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर किया है. धमाकों के बाद से पूरे कराकस में अफरा-तफरी मच गई. धमाकों की आवाज सुनते ही कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए. सड़कों पर टैंक देखे जा रहे हैं. राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने देश में इमरजेंसी लगा दी है. अलग-अलग मोहल्लों से लोगों को सड़कों पर जमा होते देखा गया. दूर से भी कुछ इलाकों में हलचल और रोशनी दिखाई दी, हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
